तुलसी के अलावा कौन से पौधे हैं जो हर घर में अवश्य होने चाहिए और क्यों ?


तुलसी के अलावा कौन से पौधे हैं जो हर घर में अवश्य होने चाहिए और क्यों ?

आजकल जैविक और हर्बल का बहुत चलन है। तो मेरे हिसाब से घर में वो पौधे अवश्य रखने चाहिए जो आपके बाग़वानी की इच्छा को पूर्ण करने के साथ साथ उपयोगी भी सिद्ध हो। कुछ पौधे पुरे साल चलते है तो कुछ पौधे मौसम विशेष में चलते है। तुलसी के अतिरिक्त आपको जो पौधे अपने घर में लगाने चाहिए वो निम्न प्रकार है।
1. लेमन ग्रास : ये एक बहु वर्षीय ग्रास है जो नियमित देखभाल करने पर ३ साल आराम से चलती है। दैनिक जीवन में आप लेमन टी में इसका उपयोग कर सकते है।

2. सिट्रोनेला : ये एक बहु वर्षीय ग्रास है जो नियमित देखभाल करने पर ३ साल आराम से चलती है। रूम फ्रेशनर के रूप में इसका उपयोग किया जा सकता है।
3. मिंट : पुदीना से आप परिचित है औषधीय उपयोग के अतिरिक्त आप चटनी या पेय बनाने में इसका उपयोग कर सकते है।

Dried Mint | Pudina Leaves Powder - Buy Online
4. स्टीविआ : ये आपके चीनी का विकल्प है घर में होना चाहिए पौधा देखने में भी अच्छा लगता है और चीनी के विकल्प के रूप में भी इसका उपयोग किया जा सकता है।
5. अपराजिता : ये खूबसूरत बेल हमेशा हरीभरी रहती है और खूबसूरत सफ़ेद या नील फूल देती है। इन फूलो का उपयोग आप ब्लू टी बनाने में कर सकते है।
6. करी पत्ता या मीठा नीम : मीठा नीम किचन की जरुरत है। आपके घर में लगा हुआ पौधा आपको हमेशा ताजा पत्तिया आपके भोजन के लिए देता रहेगा।
7. अजवाइन/डिल सीड : दोनों पौधे देखने में खूबसूरत लगते है और पत्तिया अनेक प्रकार के भोजन बनाने में उपयोग होती है। पौधा 6 माह तक चलता है सर्दियों में अवश्य लगाना चाहिए।
8. सौंफ : ताजा सौंफ और उसकी पत्तियां भी खुशबु के लिए भोजन में प्रयुक्त होती है और पौधे भी खूबसूरत दीखते है 8 - 9 महीने तक ये पौधा आपके गमले की शोभा बढ़ा सकता है।
9. चाइव्स : अदरक और लहसुन का फ्लेवर एक साथ प्राप्त करने के लिए इसे अवश्य लगाना चाहिए।
10. लेमन तुलसी : तुलसी का यह प्रकार आपको निम्बू और तुलसी दोनों का फ्लेवर देता है जरूर लगाना चाहिए।
11. एलोवेरा : इसके गुणों से आप पूर्व परिचित है घर में रहेगा तो आप ताजा जेल का उपयोग कर सकते है।
12. धनिया : सर्व सुलभ है आराम से आप इसे पुरे वर्ष थोड़ी सावधानी के साथ लगा सकते है और ताजे धनिये की बात ही कुछ और होती है ये आपको खाने के बाद पता चल ही जाएगा।
13. हल्दी : हल्दी का पौधा बहुत खूबसूरत तो दीखता ही है आपको खाने के लिए भी बेहतरीन हल्दी प्राप्त हो जाती है।
14. गुड़हल : लाल गुड़हल जिसका फूल बड़ा होता है खूबसूरत तो होता ही है। फूल भी उपयोगी होते है और पत्तियों को उबालकर आप शैम्पू की तरह इस्तेमाल कर सकते है।
15. गिलोय : एक खूबसूरत हरे पत्तो वाली बेल जिसके अनेकोनेक फायदे है जरूर लगाइये।
16. कैमोमाइल : खूबसूरत सफ़ेद फूलो वाला पौधा घर में जरूर लगाइये और फूलो से बानी ताजा कैमोमाइल चाय का आनंद लीजिये। सूखे फूल बाद में भी उपयोग किये जा सकते है अक्टूबर से अप्रेल तक आप इसे लगा सकते है।
17. अश्वगंधा : महत्वपूर्ण औषधीय पौधा है जिसे आप हमले में लगा सकते है जहाँ यह बहुवर्षीय रहेगा।
और भी बहुत है लेकिन फ़िलहाल के लिए इतना बहुत है।
Edit 1 : आज फिर समय मिला है तो कुछ और पौधे और हर्ब्स की जानकारी जोड़ रहा हूँ।
18. कैलेंडुला : अच्छे सुन्दर फूलो के साथ साथ कैलेंडुला बालो के लिए भी उपयोगी है।
19. पार्सले : देखने में खूबसूरत होने के साथ साथ भोजन में इसके उपयोग के बारे में अलग से लिखने की आवश्यकता नहीं है।
20. खस : देखने में बहुत खूबसूरत नहीं है लेकिन उपयोगी बहुत है एक गमले में लगाइये और हर साल गर्मियों में खस का असली शरबत बनाकर पीजिये। ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी है लगाने में।
21.विलायती अजवाइन : ये पौधा सामान्यतया सजावटी पौधे के रूप में जाना जाता है। अजवाइन की खुशबु आने से इसे अजवाइन के नाम से ही जाना जाता है लेकिन यह अजवाइन नहीं है। इसकी पत्तियां मोटी गूदेदार होती है जिसके पकोड़े बहुत स्वादिष्ट होते है।
22. पीली सरसों : सरसों से आप परिचित है अक्टूबर में लगाइये 2 - 3 बार सरसो का सैग खाइये और उसके बाद दाने अचार बनाने में इस्तेमाल कीजिये। जब पिले फूलों की बहार आती है नजारा देखनेवाला होता है।
23. सुरन : सुरन या जमीकंद एक सब्जी है जो कंद है। पौधा भी सुन्दर होता है और सब्जी भी बन जाती है। चौड़े और बड़े गमले में लगाइये।
24. पान : पान के औषधीय उपयोग तो हे ही बेल भी खूबसूरत होती है और छायादार स्थान में भी लग जाता है। ट्राई करने में कोई बुराई नहीं है मिल जाए तो जरूर। शुभ तो हे ही।
25. अडूसा : खांसी की दवाओं में उपयोगी है। खांसी जुखाम में इसकी पट्टी का काढ़ा बनाकर पिया जा सकता है। एक आध पौधा लगा रहे तो कोई बुराई नहीं है। पत्तियां खूबसूरत दिखती है अपने गहरे हरे रंग में।
26. जिरेनियम : खूबसूरती के लिए जरूर लगाइये।
27. पीपली : भूख बढ़ाने में आयुर्वेद में हमेशा उपयोग होता आया है। मसलो में भी उपयोग की जाती है। लता देखने में बहुत खूबसूरत लगती है खास तौर पर तब जब उसमे फल लगे हो।
28. रोजमेरी : अगर आके यहाँ मौसम के अनुकूल है तो जरूर लगाइये और उपयोग अपनी किचन में कीजिये। ताजा रोजमेरी की बात ही कुछ और है।
29. दमश्क गुलाब : ठन्डे इलाके में है तो जरूर लगाइये। असली गुलाब की खुशबु के लिए। गुलाब का तेल किस्म से बनता है। शरबत बनाकर पिने पर रूह अफ्जा भूल जाएंगे। (ओनर्स प्राइड)
30. सतावर : घर में जरूर लगाइये बेल खूबसूरत होने के साथ साथ शक्तिवर्धक औषधि भी आपको घर में ही उपलब्ध करा देगी।
एडिट 2 : समय अभाव की वजह से पूरा उत्तर एक बार में नहीं लिख पा रहा हूं।
31. सब्जा : खुशबूदार सदाबहार पौधा देखने में तो अच्छा लगता है फूलों का उपयोग पूजा में कीजिए बीज फलूदे में डालिए।
32. चिया बीज : सुपर फूड के नाम से आप अच्छे से परिचित है। भारत में इसका आगमन ज्यादा पुराना नहीं है। बारिश में भी लगता है और सर्दी में भी बस पाला नहीं पड़ना चाहिए। नीले फूलो की जब मंजरी आती है बहुत खूबसूरत दिखता है।
33. गूगल : वहीं जिसका रेजिन आप हवन में इस्तेमाल करते है। कहते है गूगल का पौधा घर में होने से दुष्ट शक्तियां दूर रहती है। रखरखाव से रहित पौधा है। सबसे अच्छी बात इसकी बोनसाई बहुत बढ़िया बनती है। जो लोग बोनसाई रखना चाहते है इसे जरूर लगाएं।
उत्तर को ध्यान से पढ़ने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद्।
बीज कहां से उपलब्ध होंगे या पौधे कहां से ले की जानकारी आप कॉमेंट करके प्राप्त कर सकते है।
सभी चित्रों के अधिकार उनके मालिकों के पास सुरक्षित है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें